Explore

Search

November 13, 2026 1:12 am

वैज्ञानिक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता बचाएं किसान : इंद्रजीत गौरव

वैज्ञानिक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता बचाएं किसान : इंद्रजीत गौरव

शिवाजीनगर

 

प्रखंड अंतर्गत रानीपरती पंचायत में शुक्रवार को बिहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से ‘खेत बचाओ-सह-कृषि जन चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को खेतों के संरक्षण, कृषि यंत्रों के महत्व, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि पद्धतियों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी, कम खर्चीला एवं टिकाऊ बनाना था। कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक इंद्रजीत गौरव ने कृषि यंत्रों के उपयोग एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्र खेती की लागत और श्रम को कम करने के साथ कृषि कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को बुवाई से लेकर कटाई तक आवश्यकतानुसार कृषि यंत्रों का उपयोग करना चाहिए। साथ ही कृषि यंत्रीकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कृषि प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इनका मुख्य उद्देश्य किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों एवं उन्नत खेती की जानकारी पहुंचाना है। इसके तहत किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषक गोष्ठी, खेतों में प्रायोगिक प्रदर्शन, किसान-वैज्ञानिक संवाद तथा अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण जैसी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। उन्होंने किसानों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने तथा वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की अपील की। वहीं सहायक तकनीकी प्रबंधक अमरदीप शर्मा ने सामान्य कृषि तकनीकों, मिट्टी के स्वास्थ्य एवं संतुलित उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की जांच एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार संतुलित मात्रा में करना चाहिए। नाइट्रोजन, फास्फोरस एवं पोटाश जैसे प्रमुख पोषक तत्वों के उचित उपयोग के साथ जैविक खाद, कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट एवं हरी खाद को खेती में शामिल करना किसानों के लिए लाभकारी है।

उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती की उपयोगिता बताते हुए किसानों को फसल चक्र अपनाने, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने, जैव उर्वरकों का उपयोग करने तथा स्थानीय जैविक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संतुलित पोषण प्रबंधन एवं जैविक पद्धतियों को अपनाने से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर कृषि समन्वयक मुकेश कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की जानकारी दी। वहीं, किसान सलाहकार जितेंद्र कुमार ने किसानों को कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को अपनी कृषि संबंधी समस्याएं रखने तथा कृषि कर्मियों से सीधे संवाद कर उनका समाधान जानने का भी अवसर मिला। कृषि जन चौपाल के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने, कृषि संसाधनों का समुचित उपयोग करने, मिट्टी के स्वास्थ्य का संरक्षण करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!