सिंघिया प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क पर जाम से लोग परेशान, सड़क चौड़ीकरण की उठी मांग
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड में सिंघिया बथान चौक से प्रखंड मुख्यालय होते हुए मसानखून जाने वाली मुख्य सड़क पर आए दिन जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सिंगल रूट होने, भारी वाहनों के परिचालन और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित रहता है।
इस सड़क पर ट्रक और पिकअप जैसे भारी वाहनों के परिचालन से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे प्रखंड एवं अंचल मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ ऑटो चालकों को भी काफी दिक्कत होती है। वहीं, सड़क संकरी होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आए दिन हादसे होने की बात भी सामने आती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का चौड़ीकरण नहीं होने और किनारे अतिक्रमण के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। जाम से निजात दिलाने के लिए ऑटो चालक नाथो पासवान समेत कई लोगों ने स्थानीय विधायक वीरेंद्र कुमार से मांग की है कि सिंघिया-मसानखून सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और सड़क का चौड़ीकरण करवाया जाए, ताकि लोगों को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके।

Total Users : 10328306
Views Today : 295