एसिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव में दरभंगा जेल के सहायक जेल अधीक्षक की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर में मिला, जिसके बाद मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान श्वेता कुमारी (28) के रूप में हुई है, जो शेरपुर निवासी राम अनुज चौधरी की पुत्रवधू और दरभंगा जेल के सहायक जेल अधीक्षक नंदू चौधरी की पत्नी थीं। ससुराल पक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर श्वेता ने आत्महत्या कर ली।
वहीं, पटना के अगमकुंआ में रहने वाले मृतका के बड़े भाई शशिभूषण चौधरी ने इसे हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 31 मई 2023 को श्वेता की शादी नंदू चौधरी से हुई थी और शादी में नकद, कार सहित अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में मोटी रकम और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की जा रही थी तथा श्वेता को प्रताड़ित किया जाता था।
भाई के अनुसार, पारिवारिक स्तर पर कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन बुधवार सुबह सूचना मिलने पर जब वे शेरपुर पहुंचे तो श्वेता मृत मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या कर शव को टांग दिया गया और इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की गई।
मामले में विद्यापतिनगर थाना अध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मायके पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या से जुड़ा प्रतीत होता है, जबकि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।






Total Users : 10058310
Views Today : 528