Explore

Search

April 15, 2026 12:19 am

पटना में मैट्रिक परीक्षा से वंचित छात्रा की मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

पटना में मैट्रिक परीक्षा से वंचित छात्रा की मौत, रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

पटना (बिहार): जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के महाराजचक गांव में मैट्रिक परीक्षा से वंचित एक छात्रा का शव रेलवे ट्रैक के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कोमल कुमारी (पिता – मंटू यादव) के रूप में हुई है, जो खरजमा गांव की रहने वाली थी।
परीक्षा केंद्र पर नहीं मिली एंट्री, तनाव में थी छात्रा
परिजनों के अनुसार, कोमल कुमारी मंगलवार को धनरूआ के बरनी हाईस्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक की परीक्षा देने गई थी। परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होनी थी और 9 बजे तक प्रवेश की अनुमति थी।
बताया गया कि वह लगभग 9:07 बजे केंद्र पर पहुंची, लेकिन गेट बंद हो चुका था। कई बार अनुरोध के बावजूद उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद वह घर लौट आई और काफी तनाव में थी।
घर से निकली, देर शाम मिला शव
परिजनों ने बताया कि घर आने के बाद उसने कपड़े बदले और बाहर निकल गई। देर शाम तक वापस नहीं लौटी। बाद में सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास एक युवती का शव मिला है। पहचान करने पर वह कोमल कुमारी निकली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
माता-पिता बाहर करते हैं मजदूरी
मृतका के माता-पिता बिहार से बाहर मजदूरी करते हैं। जानकारी के अनुसार, उसकी नानी महाराजचक में रहती हैं। देर रात परिजनों को घटना की सूचना मिली।
पुलिस जांच में जुटी
मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि युवती का शव बरामद किया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मैट्रिक परीक्षा के नियम
बिहार में मैट्रिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है।
पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से (प्रवेश 9 बजे तक)
दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से (प्रवेश 1:30 बजे तक)
नियम के अनुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाता, चाहे देरी एक मिनट की ही क्यों न हो।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!