बिहार में एक महंत को पीट पीट कर हत्या किया गया
बिहार के रोहतास में हत्या की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. विजय राघव आश्रम के महंत की हत्या उनके ही आश्रम में रहने वाले पुजारी पर करने का आरोप लगा है. मामला धार्मिक स्थल से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.
महंत की पीट-पीट कर हत्या : घटना डेहरी अनुमंडल क्षेत्र के गांधी नगर की है. यहां विजय राघव आश्रम में सुबह महंत शिव नारायण स्वामी सो रहे थे. तभी आश्रम का पुजारी सुभाष, जो कुछ दिनों से छुट्टी पर गया था, अचानक आश्रम लौटा और महंत के कमरे में पहुंच गया. किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. हो-हल्ला सुनकर आश्रम के दो और लोग वहां पहुंचे, जिन्हें पुजारी ने बगल के कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद महंत को ईंट और लकड़ी के लठ से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया और खुद छत से कूदकर फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने घायल महंत को इलाज के लिए जमुहार स्थित एनएमसीएच में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. महंत शिव नारायण स्वामी दरीहट थाना क्षेत्र के तड़वा गांव के निवासी थे. आश्रम के लोगों का कहना है कि आरोपी पुजारी सुभाष पिछले दो महीने से आश्रम में रह रहा था. उसे महंत ने एडवांस में 25 हजार रुपये मेहनताना के रूप में दिए थे. संभवतः इसी लेन-देन को लेकर विवाद हुआ और घटना को अंजाम दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. बाद में एएसपी अतुलेश झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और आश्रम के लोगों से गहन पूछताछ की. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
”आरोपी सुभाष पुजारी पिछले 2 महीना से आश्रम में रह रहा था. महंत से अपने मेहनताना का 25 हजार रुपए एडवांस भी लिया था. इसके बाद वो छुट्टी पर चला गया था. आज अचानक वह छुट्टी से वापस लौटा और पुराने विवाद को लेकर तू-तू मैं-मैं होने लगी और इसी विवाद में महंत पर उसने हमला कर दिया. आश्रम में मौजूद अन्य लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.”- अतुलेश झा, एएसपी






Total Users : 10068311
Views Today : 272