बेगूसराय के महादलित युवा का BSF में चयन, गांव में खुशी की लहर, फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
बिहार के बेगूसराय जिले के छोड़ाही थाना क्षेत्र स्थित पताही गांव के महादलित युवा रूपेश राम का चयन सीमा सुरक्षा बल (BSF) में होने से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिवार से लेकर रिश्तेदारों और ग्रामीणों तक सभी ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया है।
बताया जाता है कि रूपेश राम शुरू से ही मेहनती और लगनशील छात्र रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत और संघर्ष का ही परिणाम है कि उनका चयन बीएसएफ जैसी प्रतिष्ठित सुरक्षा सेवा में हुआ। जैसे ही चयन की खबर गांव पहुंची, लोगों में उत्साह फैल गया और सभी ने उन्हें बधाई दी।
ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए घर से रवाना होते समय ग्रामीणों और परिजनों ने रूपेश का फूल-मालाओं और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य और लंबी आयु की कामना की। इस भावुक क्षण में रूपेश भी खुशी से भावविभोर नजर आए।
जानकारी के अनुसार, रूपेश राम का संबंध सिंघिया थाना क्षेत्र के माहे गांव से भी है और वे जीविका दुकानदार संतोष राम के रिश्तेदार बताए जाते हैं। चयन की सूचना मिलने पर माहे गांव में भी खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रूपेश राम की सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।






Total Users : 10062195
Views Today : 213