समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2800.44 लीटर विदेशी शराब के साथ कार जब्त
समस्तीपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत समस्तीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी-लिकर अभियान के अंतर्गत कल्याणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम अखाड़ा चौक बस बीठी इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान 2800.44 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। मौके से एक कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिसका उपयोग तस्करी में किए जाने की आशंका है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और शराब की बड़ी खेप को बरामद कर लिया।
पुलिस टीम ने शराब से भरे कार्टनों को जब्त कर वाहन सहित थाने लाया। मामले में संलिप्त तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एंटी-लिकर अभियान जारी
बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। समस्तीपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।






Total Users : 10063628
Views Today : 806