Explore

Search

March 4, 2026 5:36 am

बिहार की मशहूर गायिका साइबर ठगी में गिरफ्तार, सस्ता लोन का झांसा देकर लगाती थी चूना

बिहार की मशहूर गायिका साइबर ठगी में गिरफ्तार, सस्ता लोन का झांसा देकर लगाती थी चूना

 

बिहार के नवादा से एक चर्चित मगही सिंगर और यूट्यूबर के साइबर ठगी में शामिल होने का मामला सामने आया है. सस्ता लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी के आरोप में नवादा पुलिस ने मगही सिंगर को गिरफ्तार किया है, जिसके यूट्यूब चैनल पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.

मगही सिंगर गिरफ्तार: 23 वर्षीय सिंगर नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. वह यूट्यूब पर मगही और भोजपुरी गाने गाकर ‘फेमस लोक सिंगर’ के रूप में जानी जाती है, लेकिन इसी पहचान का फायदा उठाकर वह सस्ता लोन दिलाने का लालच देकर लोगों को ठगती थी.
आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों को यह भरोसा दिलाती थी कि वह कम ब्याज पर लोन दिला सकती है. इसके बदले वह उनसे प्रोसेसिंग फीस, पंजीकरण शुल्क, जीएसटी आदि के नाम पर ऑनलाइन पेमेंट मंगवाती थी. जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास होता, तब तक वह नंबर बंद कर देती थी या गुम हो जाती थी.

पुलिस की एसआईटी टीम ने की गिरफ्तारी: नवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर साइबर डीएसपी प्रिया ज्योति के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने ममता को नवादा साइबर थाना में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया है.

मोबाइल, बैंक अकाउंट बरामद: गिरफ्तारी के समय पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, बैंक अकाउंट से जुड़े दस्तावेज और एक डायरी बरामद की है, जिसमें पीड़ितों के नाम और लेन-देन का विवरण दर्ज है.
3 लाख फॉलोवर्स: पुलिस के अनुसार सिंगर तकनीकी रूप से काफी समझदार है. वह सोशल मीडिया पर अपने सिंगर की छवि को इस्तेमाल करते हुए लोगों का विश्वास हासिल करती थी. उसका यूट्यूब चैनल है जिस पर 3 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं.

“ऑनलाइन तरीके से लोगों को सस्ते दर पर लोन दिलाने का प्रलोभन देकर साइबर ठगी की जा रही थी. प्रतिबिंब पोर्टल पर दिख रहे नंबरों के आधार गायिका को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.” -प्रिया ज्योति, साइबर डीएसपी

आगे की जांच जारी: पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिंगर अकेले इस ठगी को अंजाम दे रही थी या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह भी सक्रिय है. साइबर थाना की टीम अन्य जिलों से भी शिकायतें जुटा रही है, क्योंकि आशंका है कि देशभर के कई राज्यों से दर्जनों लोग उसकी ठगी का शिकार हो चुके हैं.
आप साइबर फ्रॉड से कैसे बचें: किसी भी अनजान लिंक को क्लिक ना करें. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर जो ओटीपी आता है, उसे किसी के साथ शेयर ना करें. लोगों को जागरूक होना पड़ेगा. समय समय पर अपने पासवर्ड भी बदलते रहें. साइबर अपराधी 3 तरीके से अपराध को अंजाम देते हैं. कोई एप्लीकेशन डाउनलोड कराते हैं या कोई लिंक देते हैं या आप से ओटीपी पूछते हैं या फिर ऑनलाइन फॉर्म भरने को कहते हैं. यह किसी ऐसे लिंक पर आप को ले जाते हैं, जहां से आप का बेसिक डिटेल उन्हें मिल जाए. आपको सावधान रहें.

साइबर ठग लोगों को ऐसे बनाते हैं शिकार: फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल के जरिए ठगी हो रही है. व्हाट्सएप के जरिए सेक्सटॉर्शन, एटीएम ब्लॉक होने के नाम पर ठगी, केवाईसी के नाम पर फर्जीवाड़ा, क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी, चिकित्सक के पास नंबर लगाने के नाम पर ठगी, ऑनलाइन सीएनएफ लेने के नाम पर फर्जीवाड़ा, सोशल मीडिया के जरिए विवाह के नाम पर ठगी, मैसेज बॉक्स में लॉटरी के नाम पर ठगी, लिंक क्लिक कर भरने पर ठगी हो रही है.

 

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!