Explore

Search

March 4, 2026 12:14 am

निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश

निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश

* कार्मिक, ईवीएम, पोस्टल बैलेट व सीएपीएफ कोषांग की प्रगति पर हुई गहन चर्चा

समस्तीपुर, सोमवार (13 अक्टूबर 2025)।
आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से जुड़े कार्मिक कोषांग, ईवीएम कोषांग, पोस्टल बैलेट कोषांग तथा सीएपीएफ कोषांग की कार्य प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, एडीएम (आपदा) राजेश कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विष्णुदेव मंडल, एनडीसी-सह-डीपीआरओ रजनीश कुमार राय सहित सभी संबंधित कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ा हर कार्य समयबद्धता, पारदर्शिता और पूर्ण शुद्धता के साथ संपन्न किया जाए।
कार्मिक कोषांग से जुड़ी समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम इस तरह संचालित किए जाएं कि सभी कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया की पूर्ण समझ और दक्षता प्राप्त हो।
ईवीएम कोषांग के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव और रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में की जाए। किसी भी परिस्थिति में मशीनों की सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पोस्टल बैलेट कोषांग को निर्देश दिया गया कि सभी योग्य कर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को डाक मतपत्र समय पर उपलब्ध कराए जाएं, और उनके संग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण गोपनीयता के साथ की जाए।
सीएपीएफ कोषांग को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची समय पर तैयार कर ली जाए तथा केंद्रीय बलों की तैनाती की रूपरेखा पर स्थानीय पुलिस के साथ सुदृढ़ समन्वय बनाए रखा जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि “निर्वाचन कार्य राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।” उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वाचन कार्यों को संपन्न करने का आह्वान किया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!