बिहार में महिला CO से लूटपाट और बदसलूकी, ‘भईया रुक जाइये ना Plz’ कहने पर भी नहीं माने अपराधी
बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. रोज लूट और डकैती की घटनाएं सामने आती रहती हैं. इसी बीच बिहार के रोहतास में सूर्यपुरा की अंचलाधिकारी के साथ बदसलूकी की गई है. बदमाशों ने महिला अधिकारी के कार के शीशे पर ताबड़तोड़ मुक्के से वार किया. इसके बाद मोबाइल समेत पर्स छीनकर फरार हो गए. ये घटना दरिगांव थाना क्षेत्र के करसेरूआ के पास घटी है.
कैमूर पहाड़ी घूमने गई थी महिला अधिकारी: बताया जा रहा है कि सूर्यपूरा की अंचलाधिकारी अपने मित्र के साथ कैमूर पहाड़ी पर गीता घाट वॉटरफॉल गई थी. इसी दौरान आसपास के ही कुछ बदमाशों ने निजी कार से जा रही महिला अंचलाधिकारी के साथ बदसलूकी की.
बदमाशों से मांगी रहम की भीख: वहीं, जब अंचलाधिकारी ने इसका विरोध किया तो सात आठ की संख्या में और बदमाश घटनास्थल पर एकत्रित हो गए. साथ ही सड़क के आगे बाइक गिराकर रास्ता रोक दिया. ऐसे में महिला अधिकारी के हाथ पांव फूल गए और उसने बदमाशों से भईया रूक जाओ PLZ कहते हुए रहम की भीख मांगी.
मोबाइल और बैग छीना: बदमाशों ने अंचलाधिकारी का मोबाइल और बैग छीनकर अंचलाधिकारी के सहयोगी मित्र और चालक के साथ मारपीट की है. घटना के बाद अंचलाधिकारी ने तुरंत दरिगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार: शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है. बहरहाल पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है.
”मामले में केस दर्ज किया गया है. 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है. जिसमें से 3 लोगों को अरेस्ट किया गया है. अंचलाधिकारी से छीना गया मोबाइल और पर्स भी बरामद कर लिया गया है”. -रौशन कुमार, एसपी, रोहतास
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल: बता दें कि कैमूर पहाड़ी पर इन दिनों पर्यटक काफी जा रहे हैं. ऐसे में महिला अधिकारी के साथ हुई बदसलूकी और लूटपाट की घटना के बाद लोगों में डर बढ़ गया है. साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जब अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती है.






Total Users : 10068323
Views Today : 342