लखीसराय में महिला खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन
महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध चल रहे 16 दिवसीय अभियान के तहत महिला खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष लखीसराय किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, आईसीडीएस जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति श्रीमती बंदना पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार, केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक अरविंद कुमार राय तथा हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
मंच संचालन कर रहीं श्रीमती बंदना पांडेय ने महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को जिला पदाधिकारी ने चादर देकर सम्मानित किया।
संवाद में खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। नेशनल ताइक्वांडो खिलाड़ी अमीषा पटेल ने कहा कि सेंसरयुक्त चेस्ट गार्ड उपलब्ध न होने से बेहतर अभ्यास नहीं हो पाता। साथ ही खेल भवन में सेनेटरी वेंडिंग मशीन की आवश्यकता भी बताई। क्रिकेट खिलाड़ी निशा भारती ने जिले में क्रिकेट अकादमी की मांग रखी।
कबड्डी खिलाड़ी अंजली कुमारी ने खेलो इंडिया सेंटर, खगौर में शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम और वेंडिंग मशीन की कमी का मुद्दा उठाया। वहीं खो-खो खिलाड़ी अंजली कुमारी ने कहा कि उपलब्ध छोटा मैदान पानी टंकी के ओवरफ्लो से अक्सर कीचड़ में बदल जाता है।
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि “महिला खिलाड़ियों के साथ यह पहला संवाद कार्यक्रम है, जो एक सकारात्मक शुरुआत है। जिला प्रशासन सभी खेल संघों के साथ बैठक कर सुविधाओं में सुधार की दिशा में कदम उठा रहा है।” साथ ही उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान से जुड़ी जानकारी भी दी तथा खिलाड़ियों से स्नातक तक पढ़ाई जारी रखने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर सामूहिक शपथ दिलाई गई।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने लैंगिक आधारित हिंसा, महिला हेल्पलाइन 181 तथा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति की विभिन्न योजनाओं—महिला सशक्तिकरण केंद्र, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पीएम मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना—के बारे में जानकारी साझा की।
डीएपीसीयू के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार राय ने एचआईवी एवं एड्स के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम में कबड्डी, क्रिकेट, ताइक्वांडो, खो-खो, शतरंज सहित विभिन्न खेलों की दर्जनों महिला खिलाड़ी एवं कोच उपस्थित थे।






Total Users : 10068309
Views Today : 233