Explore

Search

March 4, 2026 8:47 am

बिहार में भ्रष्टाचार के आरोप में राजस्व कर्मचारी बर्खास्त

बिहार में भ्रष्टाचार के आरोप में राजस्व कर्मचारी बर्खास्त

पटना : भ्रष्टाचार के खिलाफ भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग एक्शन में दिख रहा है. मसौढ़ी अंचल कार्यालय में पदस्थापित तत्कालीन राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में दोषी पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत यह कार्रवाई की है.

निगरानी ने भ्रष्टाचार के आरोप में की कार्रवाई : दरअसल, राजा कुमार को 23 दिसंबर 2025 को मसौढ़ी प्रखंड कार्यालय परिसर से निगरानी विभाग की धावा दल द्वारा परिमार्जन आवेदनों के निष्पादन के एवज में एक लाख रुपए के मांग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. विभागीय जांच में यह पाया गया कि उन्होंने जानबूझकर आवेदन लंबित रखे और स्पष्टीकरण एवं अनुशासनिक कार्रवाई में भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया.

विभागीय जांच में पाए गए दोषी : अपर समाहर्ता-सह-संचालन पदाधिकारी, पटना की जांच रिपोर्ट में सभी आरोप पूर्णतः प्रमाणित पाए गए. जांच निष्कर्षों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए सक्षम प्राधिकार ने उन्हें सेवा में बनाए रखना लोकहित के प्रतिकूल मानते हुए बर्खास्तगी का आदेश जारी किया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस विभागीय कार्रवाई से आरोपी के विरुद्ध लंबित आपराधिक कार्रवाई प्रभावित नहीं होगी.
सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति’ : इस संबंध में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी आम जनों को परेशान करेगा और भ्रष्टाचार जैसे अपराध में संलिप्त पाया जाएगा. उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग की पहल पर रिकॉर्ड समय में बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है, ताकि स्पष्ट संदेश जाए कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.”- विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री, बिहार

क्या था पूरा मामला? : मसौढ़ी अंचल के भदौरा मौजा का राजस्व कर्मचारी राजा कुमार परिमार्जन के नाम पर एक शख्स से 1 लाख रुपया घूस ले रहा था. इसी दौरान उसे दबोचा गया था. निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर दबोचा था.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!