Explore

Search

March 4, 2026 5:36 am

बिहार में 1 साल के बच्चे के काटने से सांप की मौत

 

बिहार में 1 साल के बच्चे के काटने से सांप की मौत

बेतिया: आपने अक्सर सांप के काटने से मौत की खबरें देखी और सुनी होगी. बिहार में बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में इजाफा हो जाता है. इसी बीच बेतिया से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनने वाले हैरत में है. दरअसल यहां एक मासूम बच्चे ने कोबरा को मौत के घाट उतार दिया है.

सांप के लिए बच्चा बना काल: पूरा मामला मझौलिया प्रखंड के मोहझी बनकटवा गांव का है, जहां मासूम की मां लकड़ी तोड़कर एक जगह इकट्ठा कर रही थी. वहीं मासूम भी खेल रहा था. इसी बीच मां को पता नहीं चला की लकड़ियों के बीच में जहरीला कोबरा सांप छुपकर बैठा है. लेकिन एक साल के बच्चे की नजरों से विषधर छुप नहीं सका.

मां लकड़ी तोड़ रही थी. सांप निकला तो बच्चे ने उसे कुछ फेंककर मारा और सांप को काटकर मार दिया. गेहुअन सांप था. एक साल का बच्चा है.”- मातेश्वरी देवी, बच्चे की दादी

दांत से किए सांप के दो टुकड़े: सांप को देखते ही सुनील शाह के एक साल के बेटे ने नागराज के ऊपर कुछ फेंककर उसे निशाना बनाया. सांप को गुस्सा आ गया और वह तेजी से बच्चे की ओर बढ़ा. फिर सांप अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगा. लेकिन बच्चे ने सांप को खिलौने की तरह हाथ में उठा लिया और उसे दांतों के बीच रखकर दो टुकड़ों में बांट दिया.

बच्चा हुआ बेहोश: सांप को देखकर अच्छे-अच्छों की पसीने छूट जाते हैं, उसे खेल-खेल में एक साल के बच्चे ने दांत से काट लिया, जिससे मौके पर ही सांप की मौत हो गई. वहीं सांप की मौत के कुछ देर बाद बच्चा बेहोश हो गया. मां की नजर जब पड़ी तो चीख पुकार मच गई. घर के बाकी लोग भी जमा हो गए और सांप की हालत देख पूरा मामला समझ गए.

खतरे से बाहर है बच्चा: आनन-फानन में बच्चे को परिजन पहले स्थानीय पीएचसी लेकर आए. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया. फिलहाल बच्चे का इलाज बेतिया जीएमसीएच में चल रहा है. इस घटना से आम लोगों के साथ-साथ डॉक्टर भी हैरत में हैं. वहीं डॉ. सौरभ ने बताया कि बच्चा खतरे से बाहर है.
बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में है. उसका इलाज चल रहा है.”- डॉ. सौरभ कुमार, बेतिया जीएमसीएच के चिकित्सक

सांप काट ले तो क्या करें?: विशेषज्ञों के अनुसार सांप के डंसने की आशंका हो तो लक्षण दिखने का इंतजार न करें, तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें. सूजन शुरू होने से पहले अंगूठियां और घड़ियां निकाल दें. यदि संभव हो तो सुरक्षित दूरी से सांप की फोटो लें. सांप की पहचान करने से सांप के काटने के उपचार में सहायता मिल सकती है. खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल ना जाएं, क्योंकि सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति को चक्कर आ सकता है. वह बेहोश भी हो सकता है.

गेहुअन सांप होता है खतरनाक: उत्तर भारत में आमतौर पर गेहुअन सांप पाया जाता है. यह एक जानलेवा विषैला सांप होता है. यूपी, बिहार, एमपी,राजस्थान और हरियाणा में यह पाया जाता है.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!