Explore

Search

March 4, 2026 3:21 am

जिला पदाधिकारी नवादा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न

 

*जिला पदाधिकारी नवादा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न*

आज दिनांक 06 दिसंबर 2025 को समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। विदित हो कि प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना पूरे देश के 100 चयनित जिलों में संचालित की जा रही है, जिसमें नवादा जिला भी सम्मिलित है। बिहार के मधुबनी, दरभंगा, बांका, गया जी, सीवान, किशनगंज तथा नवादा जिले को इस योजना के अंतर्गत चुना गया है।

बैठक में नवादा जिले की कृषि उत्पादकता में वृद्धि, फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने, टिकाऊ एवं जलवायु अनुकूल कृषि को प्रोत्साहित करने, फसल सहायता की निरंतरता सुनिश्चित करने, फसल कटाई के बाद भंडारण एवं मूल्यवर्द्धन क्षमता बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा कृषि ऋणों (दीर्घकालिक एवं अल्पकालिक) की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कृषि एवं संबद्ध विभागों के साथ व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक के दौरान बताया गया कि जिले में कृषि की वास्तविक स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन करने हेतु बेसलाइन सर्वे कराया जाएगा। इस सर्वे के माध्यम से ग्राम स्तर पर फसल, फल, सब्जी एवं फूल उत्पादन की वर्तमान स्थिति, उत्पादकता, उत्पादकता में कमी के कारण, कटाई के बाद की व्यवस्थाओं में मौजूद चुनौतियाँ, तथा कोल्ड चेन अवसंरचना—जैसे कोल्ड स्टोरेज, रेफ्रिजरेटेड चेन आदि—की कमी का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में मत्स्य पालन एवं दुग्ध उत्पादन की औसत उत्पादकता, उससे संबंधित कमियों के कारणों तथा कीट, बीमारियों या प्राकृतिक आपदाओं के प्रति अधिक संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान भी की जाएगी। इन सभी आकलनों के आधार पर पंचवर्षीय लक्ष्यों का निर्धारण कर उन्हें वार्षिक कार्ययोजना में विभाजित किया जाएगा।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि योजना के अंतर्गत 19 कृषि आधारित केंद्र-प्रायोजित योजनाओं तथा 17 संबद्ध विभागों की अतिरिक्त योजनाओं, कुल 36 योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इन योजनाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की 11 विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण (Convergence) के माध्यम से लागू करते हुए जिले के समग्र कृषि विकास को सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए तथा क्रियान्वयन की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, प्राकृतिक खेती, सिंचाई तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्यान्वित किया जाए ताकि जिले के किसान एवं ग्रामीण जन अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

आज की बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (सिंचाई), अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड), वरीय वैज्ञानिक–सह–प्रधान (कृषि विज्ञान केंद्र, कौआकोल) तथा कृषि समृद्धि केंद्र के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!