UNESCO Club of Darbhanga द्वारा Dr. S. N. Sarraf Hospital परिसर में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होली मिलन समारोह आयोजित
दरभंगा। UNESCO Club of Darbhanga द्वारा नाका 6 के पास स्थित Dr. S. N. Sarraf Hospital परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्लब के सदस्य अपने परिवार सहित उपस्थित हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात “श्रीगणेशाय देवा…” की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। आयोजन के दौरान होली गीतों और नृत्य की मनभावन प्रस्तुतियों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया। महिला सदस्यों ने विशेष उत्साह के साथ नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
‘डांस फीवर, दरभंगा’ के रवि सिंह के नेतृत्व में उनकी टीम ने “मिथिला में राम खेलत होली हो…”, “होली खेले रघुवीरा अवध में…”, “आज बिरज में होली रे रसिया…” सहित अनेक लोकप्रिय गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। क्लब के सदस्यों ने भी मंच पर पहुंचकर कलाकारों का भरपूर साथ दिया। पूरा परिसर रंग, गुलाल, फूलों और संगीत की मस्ती में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर डॉ. एस. एन. सर्राफ दंपति की वैवाहिक वर्षगांठ भी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सदस्यों ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति की ओर से डॉ. सर्राफ एवं उनके परिवार को चादर, मोमेंटो, बुके एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में अध्यक्ष बिनोद कुमार पंसारी ने स्वागत संबोधन में कहा कि होली हमें जीवन को रंगों और उत्साह से भरने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व गिले-शिकवे मिटाकर प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ रहने का संदेश देता है। वहीं महासचिव राघवेन्द्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
समारोह के अंत में सभी ने पुआ, पुरी, जलेबी, लस्सी एवं दहीवड़ा सहित पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारी, सदस्यगण एवं गणमान्य नागरिकों सहित 100 से अधिक लोगों की सक्रिय सहभागिता रही।






Total Users : 10067943
Views Today : 178