बिहार में रिश्वतखोरी के खिलाफ एक्शन, जूनियर इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (Special Vigilance Unit) की सख्त कार्रवाई विभिन्न जिलों में जारी है. इसी क्रम में पटना से आई विशेष निगरानी इकाई की टीम ने बुधवार को मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज में विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर समेत तीन लोगों को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
क्या है मामला? : यह कार्रवाई आशापट्टी परसौनी गांव निवासी मोहम्मद जाहिद (पिता मोहम्मद जहांगीर) की लिखित शिकायत के आधार पर की गई. यह पूरा मामला बिजली कनेक्शन से जुड़ा हुआ है. शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाकर रिश्वतखोरों को दबोचा गया.
शिकायतकर्ता मोहम्मद जाहिद का आरोप है कि बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने के एवज में साहेबगंज विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर गौतम कुमार, एमआरसी कर्मी निशांत और लाइनमैन मुनचुन राय द्वारा कुल 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी. आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर बिजली कनेक्शन नहीं लगाने और प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी जा रही थी.
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपियों द्वारा दबाव बनाकर पहले ₹5,000 लेने की पुष्टि हुई थी. शेष राशि आज देने के लिए कहा गया था. इसी आधार पर आज विशेष निगरानी इकाई की टीम ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया.
कल होगी अदालत में पेशी : विशेष निगरानी इकाई ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपियों को गुरुवार को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.






Total Users : 10068911
Views Today : 454