धौलपुर रेप कांड का आरोपी वृंदावन से गिरफ्तार, महिला के भेष में था फरार
धौलपुर जिले में 15 दिसंबर को नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर फरार हुआ 50 वर्षीय आरोपी राजेंद्र सिसोदिया आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को उत्तर प्रदेश के वृंदावन से गिरफ्तार किया गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी के वक्त आरोपी महिला के भेष में था।
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र सिसोदिया पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहने हुए था, साथ ही उसने होठों पर लिपस्टिक भी लगाई हुई थी ताकि किसी को शक न हो। काफी दिनों से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे वृंदावन से दबोच लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। धौलपुर में नाबालिग के साथ हुए जघन्य अपराध के बाद से ही आरोपी फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। नाबालिग से दुष्कर्म की घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश था, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी से लोगों ने राहत की सांस ली है।






Total Users : 10068863
Views Today : 92