Explore

Search

March 4, 2026 8:44 pm

बिहार में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, दम घुटने से 3 बच्चों सहित 4 की मौत

बिहार में अंगीठी जलाकर सोया परिवार, दम घुटने से 3 बच्चों सहित 4 की मौत

बिहार के छपरा में ठंड से बचने के लिए जलायी गई अंगीठी मौत का कारण बन गई. एक ही परिवार के चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है. यह हृदय विदारक घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के अंबिका कॉलोनी में हुई.

कैसे हुई घटना?: घटना शुक्रवार देर रात की है. परिवार के सदस्य ठंड से बचने के लिए एक बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे. कमरे के बंद होने और वेंटिलेशन की कमी के कारण अंगीठी से निकला धुआं कमरे में भर गया, जिससे ऑक्सीजन की कमी हो गई और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस ने सभी को बेहोश कर दिया
मृतकों में तीन मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं. मृतकों के नाम हैं – राम लखन सिंह की 70 वर्षीय पत्नी कमलावती देवी, विजय कुमार के 3 वर्षीय पुत्र तेजांश कुमार, आर्या सिंह की 7 माह की पुत्री आद्या कुमारी और विजय कुमार की 9 महीने की बेटी गुड़िया कुमारी. इनकी मौत सोते हुए दम घुटने से हुई.

घायलों की स्थिति गंभीर: घटना में चार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं. इनमें 25 वर्षीय अनीषा सिंह, 24 वर्षीय आर्या सिंह, 25 वर्षीय आर्या कुमारी और सोनू उर्फ अमित शामिल हैं. इनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. एक बच्चे की तबीयत पहले से खराब थी, जिस कारण परिवार ने अंगीठी जलाकर कमरे में गर्मी बनाए रखी थी.

इलाके में सुबह-सुबह मचा हड़कंप: सुबह जब परिवार के अन्य सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खोला तो अफरा-तफरी मच गई. सभी को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संतोष कुमार ने तीन बच्चों समेत चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
सूचना मिलते ही एएसपी सदर राम पुकार सिंह, टाउन थाना प्रभारी संजीव कुमार तथा भगवान बाजार थाना प्रभारी सुभाष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौका मुआयना किया और जांच शुरू कर दी. घायलों का हालचाल जानने के साथ ही मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए.

ठंड में इन बातों का रखें खास ध्यान: यह घटना एक बार फिर ठंड के मौसम में बंद कमरे में अंगीठी जलाने के खतरे को उजागर करती है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए अंगीठी या कोयले का उपयोग खुले स्थान पर करें और कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!