Explore

Search

February 15, 2026 3:31 am

छात्रों के लिए अच्छी खबर :चार वर्षीय स्नातक के साथ मिलेगी बीएड डिग्री: मिथिलांचल के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी

छात्रों के लिए अच्छी खबर :चार वर्षीय स्नातक के साथ मिलेगी बीएड डिग्री: मिथिलांचल के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी

दरभंगा। उत्तर बिहार और विशेषकर मिथिलांचल के इंटर पास छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब वे स्नातक के साथ-साथ बीएड की डिग्री भी एक ही पाठ्यक्रम में प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई सीएम कॉलेज दरभंगा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होने जा रही है।
10 मार्च तक आवेदन, 17 अप्रैल को संभावित परीक्षा
कॉलेज प्रशासन के अनुसार चार वर्षीय बीए-बीएड और बीकॉम-बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 10 मार्च
शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 11 मार्च
त्रुटि सुधार की अवधि: 12 से 14 मार्च
प्रवेश परीक्षा (संभावित): 17 अप्रैल
प्रवेश परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
उत्तर बिहार में पहली बार चार वर्षीय बीएड
प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) के तहत इंटर के बाद ही स्नातक और बीएड की संयुक्त डिग्री प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। इस पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने 9 सितंबर 2025 को स्वीकृति प्रदान की थी।
उन्होंने कहा कि एलएनएमयू ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बिहार में कला और वाणिज्य संकाय में चार वर्षीय बीए-बीएड और बीकॉम-बीएड शुरू करने वाला यह पहला संस्थान होगा, जहां कुल 150 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा।
अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा छात्रों को
वर्तमान में विश्वविद्यालय क्षेत्र के दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में केवल दो वर्षीय बीएड की पढ़ाई उपलब्ध है। चार वर्षीय बीएड कोर्स के अभाव में छात्रों को अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। सीएम कॉलेज में इस पाठ्यक्रम की शुरुआत से स्थानीय छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी और संस्थान पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावसायिक शिक्षा का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
चार वर्षीय यह कोर्स इसलिए भी उपयोगी है क्योंकि छात्रों को स्नातक के बाद अलग से बीएड नहीं करना पड़ेगा और वे सीधे स्कूल शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए यह भविष्य निर्माण का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!