MP Crime News: 16 साल के किशोर की बेरहमी से हत्या, आरोपी ने मांस खाया और खून पिया; गांव में दहशत
मध्यप्रदेश के दमोह में सनसनीखेज वारदात
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। समन्ना गांव में एक सिरफिरे आरोपी ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
भाईदूज का टीका लगवाने आया था किशोर
जानकारी के अनुसार अर्थखेड़ा गांव निवासी भरत विश्वकर्मा (16) अपनी बहन तमन्ना के घर समन्ना गांव भाईदूज का टीका लगवाने आया था। टीका लगवाने के बाद जब वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही आरोपी गुड्डा पटैल ने उस पर हमला कर दिया।
बताया जाता है कि आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से किशोर के सिर पर वार किया। जब वह जमीन पर गिर गया तो आरोपी पास से हथौड़ा लाकर उसके सिर पर लगातार वार करता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद की वीभत्स हरकत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने किशोर के सिर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसी भयावह हरकत की। इस दृश्य को देखकर गांव के लोग दहशत में आ गए।
आरोपी को पकड़ने के दौरान हंगामा
घटना के बाद आरोपी पास के एक खेत में छिप गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को मारने के लिए पथराव करने लगे। भीड़ इतनी उग्र हो गई कि पुलिस को भी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में किया और सुरक्षित थाने ले गई।
पहले भी कर चुका है पत्नी की हत्या
मामले में एच.आर. पांडे ने बताया कि आरोपी गुड्डा पटैल पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। कुछ साल पहले उसने अपनी पत्नी की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। हाल ही में जेल से छूटने के बाद उसने फिर यह जघन्य अपराध कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। घटना के बाद समन्ना गांव में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।






Total Users : 10069494
Views Today : 997