विधानसभा चुनाव को लेकर नवादा डीएम ने कई बूथों का निरीक्षण किया
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के अवसर पर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, नवादा के रवि प्रकाश के द्वारा 237-नवादा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित संत जोसेफ स्कूल, नवादा के मतदान केंद्र (मॉडल बूथ) संख्या – 350, 351, 352, 353, 354 एवं 366 का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान की प्रगति, मतदान कर्मियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप आदि मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर तैनात पोलिंग कर्मियों एवं पुलिस बल से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित किया कि किसी भी मतदाता को मतदान करने में कोई असुविधा न हो।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र पर मतदान कर बाहर निकल रहे मतदाताओं से भी संवाद स्थापित किया और उनसे मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं संपूर्ण व्यवस्था के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
उन्होंने उपस्थित सभी मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदान समाप्ति तक सतर्कता बनाए रखें और निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएं।






Total Users : 10074851
Views Today : 632