Explore

Search

February 5, 2026 3:42 am

बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में छात्रा की मौत

बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में छात्रा की मौत

बिहार के मधेपुरा जिले के बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार को एक 20 वर्षीय छात्रा का शव उसके कमरे से मिला है. मृत छात्रा मुजफ्फरपुर जिले की निवासी थी, जो सिविल इंजीनियरिंग सेकेंड ईयर (थर्ड सेमेस्टर) की छात्रा थी. घटना की सूचना तब मिली जब छात्रा काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आईं और दरवाजा अंदर से बंद था. हॉस्टल प्रशासन और सहपाठियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तब शव खिड़की के पास पाया गया.

दरवाजा तोड़कर मिला शव: कमरे का दरवाजा न खुलने पर हॉस्टल की अन्य छात्राओं और कर्मचारियों ने इसे तोड़ा. अंदर प्रवेश करते ही सभी हैरान रह गए, क्योंकि छात्रा का शव सामने था. सूचना मिलते ही कॉलेज में छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पोस्टमार्टम का इंतजार: मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है, वो मधेपुरा पहुंच रहे हैं. पुलिस के अनुसार परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कोई सुसाइड नोट या अन्य सबूत अभी सामने नहीं आया है. पुलिस सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है.

पढ़ाई और खेल में उत्कृष्ट थी छात्रा: सहपाठियों और कॉलेज के छात्रों ने बताया कि छात्रा पढ़ाई में बहुत अच्छी थी और कबड्डी की उत्कृष्ट खिलाड़ी भी थी. वे हमेशा सक्रिय और मिलनसार रहती थी. थर्ड सेमेस्टर में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी. उसकी अचानक मौत से सभी सदमे में हैं और इसे लेकर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं. घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक और तनाव का माहौल है.

“छात्रा जैसी प्रतिभाशाली स्टूडेंट का इस तरह जाना बेहद दुखद है. छात्रा पढ़ाई में बहुत अच्छी थी और कबड्डी की उत्कृष्ट खिलाड़ी भी थी.”-कॉलेज के छात्र

जांच के लिए बुलाई गई एफएसएल टीम: पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि कॉलेज प्राचार्य से सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई. सिंहेश्वर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रवेंद्र भारती ने कहा कि “मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है. फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है. एफएसएल टीम को बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से मौत के कारणों की जांच हो सके.”
बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज मधेपुरा से सूचना प्राप्त हुई की कॉलेज की एक छात्रा के द्वारा हॉस्टल में अपना कमरा अंदर से बंद कर लिया गया है और नहीं खोल रही है. जिसके बाद हॉस्टल के छात्राओं एवं कर्मियों के द्वारा कमरे का गेट को तोड़ा गया और छात्रा का शव अंदर मिला. इसकी सूचना कॉलेज के प्राचार्य के द्वारा पुलिस को दिया गया. प्राप्त सूचना पर पुलिस के द्वारा वहां पहुंचकर अग्रीम कार्रवाई की जा रही है.”-संदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक
मौत के कारणों का खुलासा अभी बाकी: फिलहाल छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस विभिन्न पहलुओं जैसे पढ़ाई का दबाव, व्यक्तिगत समस्याएं या अन्य कोई मुद्दा जांच रही है. रूममेट्स और हॉस्टल वॉर्डन से भी पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.

बिहार में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल: यह घटना बिहार में छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर फिर सवाल खड़े कर रही है. हाल के महीनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे अभिभावक और समाज चिंतित हैं.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!