*जिला पदाधिकारी नवादा द्वारा बाल देख-रेख संस्थानों का औचक निरीक्षण*
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश द्वारा आज जिले में अवस्थित बाल देख-रेख संस्थानों, यथा – विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं पर्यवेक्षण गृह, नवादा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संस्थानों में आवासित बच्चों की स्थिति, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रभारी जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि संस्थानों में रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए स्वेटर, कंबल आदि की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित रखने हेतु निर्देश दिए गए।जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) को बच्चों की शिक्षा हेतु एक अतिरिक्त शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने हेतु पर्यवेक्षण गृह में योगा शिक्षक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा पर्यवेक्षण गृह में अतिरिक्त होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही, पर्यवेक्षण गृह परिसर में स्वच्छ पेयजल की सुविधा हेतु एक चापाकल अधिष्ठापित करने का निर्देश प्रभारी जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को दिया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, नवादा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), प्रभारी जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, शिशु रोग विशेषज्ञ, डीपीओ (शिक्षा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।






Total Users : 10069918
Views Today : 784