रोसड़ा में निजी अमीन का श “व मिलने से सनसनी, परिजनों ने ह” त्या का लगाया आरोप
बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मब्बी ढाला के पास एक खेत से एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिथान थाना क्षेत्र के छेछनी गांव निवासी 42वर्षीय टुनटुन राउत के रूप में की गई है।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दिए जाने के बाद रोसड़ा थाना अध्यक्ष लालाबाबू एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि टुनटुन राउत रोसड़ा के शारदानगर में रहकर निजी अमीन के रूप में जमीन नापी का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार, वह एक दिन पूर्व शाम करीब चार बजे अपने गांव छेछनी से रोसड़ा के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो आज सुबह उनका शव रोसड़ा थाना क्षेत्र में बरामद हुआ।
परिजनों ने इस घटना को साजिश के तहत की गई हत्या बताते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस मामले में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव को देखने से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका प्रतीत हो रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में पूछताछ तेज कर दी गई है।






Total Users : 10056057
Views Today : 199