Explore

Search

March 5, 2026 1:11 am

मृतक के आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू

मृतक के आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू

अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मृतक के आश्रित को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज, जिला स्तरीय विशेष अनुकंपा समिति की बैठक संपन्न
———————-
मुजफ्फरपुर।

जिला पदाधिकारी मुजफ्फरपुर श्री सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज हत्या के मामलों में आरोप गठन के पश्चात मृतक के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय विशेष अनुकंपा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला समाहरणालय में किया गया, जिसमें संबंधित विभागों के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 तथा उसके अंतर्गत बने नियमों के प्रावधानों के आलोक में बोचहा थाना क्षेत्र से संबंधित एक मामले की विस्तृत समीक्षा की गई। उक्त मामला बोचहा थाना कांड से जुड़ा है, जिसमें मृतक स्वर्गीय रामनरेश राम की हत्या के पश्चात उनके आश्रित पुत्र श्री संजीव कुमार को नियमानुसार अनुकंपात्मक नियुक्ति देने का प्रस्ताव विचाराधीन था।

समिति के समक्ष प्रस्तुत तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर यह पाया गया कि संबंधित मामले में आरोप गठन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जिसके उपरांत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार मृतक के आश्रित को जिला संवर्ग में परिचारी (विशिष्ट) के पद पर नियुक्ति देने का प्रावधान है।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से मामले पर विचार-विमर्श किया गया तथा नियमों के अनुरूप श्री संजीव कुमार को कार्यालय परिचारी के पद पर नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की गई। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि यह नियुक्ति अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ित परिवार को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिला पदाधिकारी ने बैठक के दौरान जिला स्थापना उपसमाहर्ता को निर्देश दिया कि संबंधित अभ्यर्थी के सभी आवश्यक कागजातों का शीघ्र सत्यापन सुनिश्चित करते हुए नियुक्ति की प्रक्रिया को त्वरित एवं नियमानुसार पूर्ण किया जाए, ताकि मृतक के आश्रित को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए सरकार की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवारों को न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, श्रमायुक्त मुजफ्फरपुर, राज्य कर संयुक्त आयुक्त (पूर्वी/पश्चिमी) मुजफ्फरपुर, जिला स्थापना उपसमाहर्ता मुजफ्फरपुर तथा जिला कल्याण पदाधिकारी मुजफ्फरपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!