आज की बड़ी खबर :महाशिवरात्रि पर मुस्लिम महिला की कांवड़ यात्रा बनी सौहार्द की मिसाल ,हरिद्वार से पैदल लेकर निकली गंगाजल
महाशिवरात्रि के अवसर पर देशभर से श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं और अपने-अपने गंतव्यों की ओर लौट रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के संभल जिले की रहने वाली तमन्ना मलिक का कांवड़ लेकर पैदल यात्रा पर निकलना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसेई गांव निवासी तमन्ना मलिक हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के उद्देश्य से यात्रा कर रही हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बुर्का पहनकर कंधे पर कांवड़ उठाए अन्य कांवड़ियों के साथ चलती दिखाई दे रही हैं। साथ चल रहे श्रद्धालु “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बिजनौर क्षेत्र के पास का है।
तमन्ना मलिक ने बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पहले अमन त्यागी से विवाह किया था और उनके दो छोटे बेटे हैं। वह अपने धर्म का पालन करने के साथ-साथ पति की आस्था का भी सम्मान करती हैं। हर वर्ष कांवड़ियों को गंगाजल लाते देखकर उनके मन में भी इस यात्रा का हिस्सा बनने की भावना जागी, जिसके बाद उन्होंने हरिद्वार जाकर कांवड़ लेने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को हरिद्वार से गंगाजल लेकर वह पैदल संभल की ओर निकलीं और महाशिवरात्रि के दिन क्षेमनाथ तीर्थ में जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है। रास्ते में कई कांवड़ियों ने उनका सहयोग किया और भजन-कीर्तन करते हुए साथ चले।
वहीं, उनके पति अमन त्यागी ने कहा कि परिवार में किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं है और दोनों एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं। पत्नी का कांवड़ यात्रा पर जाना उनके लिए गर्व की बात है और वह उनके निर्णय का पूरा समर्थन करते हैं।
महाशिवरात्रि को देखते हुए प्रशासन ने कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कई मार्गों पर विशेष व्यवस्था लागू की है। धनौरा-गजरौला-बिजनौर मार्ग पर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे कांवड़ियों को बिना बाधा सुरक्षित यात्रा करने में सहायता मिल रही है।






Total Users : 10061754
Views Today : 516