Explore

Search

March 5, 2026 5:34 am

बिहार में RJD नेता सहित 14 गिरफ्तार, 82 पर FIR

बिहार में RJD नेता सहित 14 गिरफ्तार, 82 पर FIR

बिहार के खगड़िया जिले में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या की दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. 8 जनवरी को आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने खगड़िया समाहरणालय परिसर का घेराव किया और सभागार में जबरन घुसकर हंगामा मचाया. इस मामले में एसपी राकेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है.

खगड़िया DM ऑफिस में तोड़फोड़ पर बड़ा एक्शन : प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, अधिकारियों की कुर्सियों पर बैठे, सरकार विरोधी नारे लगाए और कचहरी रोड को कुछ देर के लिए जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बच्ची के साथ हुए अपराध को साजिश करार देते हुए साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर स्थिति नियंत्रित हुई.
खगड़िया एसपी राकेश कुमार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. चित्रगुप्त नगर थाने में 82 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है, जिसमें POCSO एक्ट का उल्लंघन भी शामिल है. एसपी ने बताया कि यह हंगामा सुनियोजित साजिश के तहत किया गया था और पुलिस के पास इसके ठोस साक्ष्य हैं.

14 आरोपियों में आरजेडी नेता भी शामिल : पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें राजद के पूर्व विधायक चंदन राम के भाई पिंटू राम, युवा राजद के प्रदेश महासचिव नीरज कुमार जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. गिरफ्तारियां शुक्रवार को की गई. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि भीड़ को सुनियोजित तरीके से जुटाया गया था और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया.
ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी ने आठ पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को निलंबित कर दिया है. साथ ही चार थाना प्रभारी (थानाध्यक्ष) से स्पष्टीकरण मांगा गया है. एसपी ने स्पष्ट किया कि बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी.
बच्ची के फोटो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने के मामले में सदर एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी की जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. परिजनों का आरोप था कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए हत्या की गई.
गंगौर थाना क्षेत्र के एक गांव में 7 जनवरी को बच्ची लापता हुई थी, जिसका शव अगले दिन ड्रोन की मदद से सरसों के खेत से बरामद किया गया. पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपी की त्वरित सजा और संबंधित थानेदार को हटाने की मांग की थी.

प्रशासन का संदेश- कानून का पालन जरूरी: एसपी राकेश कुमार ने कहा कि न्याय की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और अपराधी को सजा दिलाई जाएगी, लेकिन कानून हाथ में लेना या हिंसा फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस घटना ने एक ओर समाज में आक्रोश पैदा किया है, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शन के नाम पर की गई हिंसा पर सवाल भी खड़े किए हैं. पुलिस जांच जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

“बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में खगड़िया में कलेक्ट्रेट परिसर में तोड़फोड़, हंगामा और बवाल के मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. नामजद अभियुक्तों ने पोक्सो एक्ट का उल्लंघन किया है, इसे लेकर पुलिस के पास कई साक्ष्य हैं. जबकि 82 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. आठ पुलिसकर्मी और चौकीदार को सस्पेंड कर दिया गया है. चार थानाध्यक्ष पर शोकॉज जारी किया गया है.”- राकेश कुमार,एसपी,खगड़िया

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!