Explore

Search

February 11, 2026 9:46 am

बिहार में नशे में धुत प्रखंड प्रमुख गिरफ्तार

बिहार में नशे में धुत प्रखंड प्रमुख गिरफ्तार

बिहार के पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जलालगढ़ प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर उर्फ भिखारी यादव शराब के नशे में धुत होकर कुछ युवकों से मारपीट करते दिखे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रखंड प्रमुख और कुछ लड़कों के बीच हाथापाई साफ नजर आ रही है. घटना रविवार शाम स्टेडियम के पास हुई, जहां एक युवक दौड़ने आया था और इसी दौरान नशे में प्रखंड प्रमुख ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया.

मुखिया प्रतिनिधि ने दी पुलिस को सूचना: जलालगढ़ के मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार दास ने मौके पर पहुंचकर इस मारपीट को देखा और तुरंत जलालगढ़ थाना को सूचना दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर और मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार दास दोनों को घटनास्थल से नियंत्रित किया. दोनों को उत्पाद विभाग थाना पूर्णिया ले जाया गया, जहां उनकी जांच कराई गई. मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि प्रखंड प्रमुख नशे की हालत में बेवजह युवकों से उलझ रहे थे
उत्पाद विभाग थाना के एएसआई दयानंद सिंह ने मेडिकल जांच कराई. जांच रिपोर्ट में प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर के शरीर में 87 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा पाई गई, जबकि मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार दास का अल्कोहल स्तर 0 प्रतिशत निकला.

शराबबंदी कानून का उल्लंघन: जांच से स्पष्ट हुआ कि प्रखंड प्रमुख पूरी तरह नशे में थे. पुलिस ने इस आधार पर उन्हें शराबबंदी कानून के उल्लंघन में गिरफ्तार किया. ऐसे में जनप्रतिनिधि द्वारा बार-बार शराबबंदी का उल्लंघन सवाल खड़े कर रहा है.

“प्रखंड प्रमुख का एक पुराना वीडियो भी वायरल हो चुका है, जिसमें वे शराब पीते हुए और ग्रामीणों से झगड़ा करते दिख रहे हैं.”-राजकुमार दास, मुखिया प्रतिनिधि
जलालगढ़ थाना में दर्ज हुआ मामला: उत्पाद विभाग थाना के एएसआई दयानंद सिंह ने कहा कि जांच के बाद जलालगढ़ थाना पुलिस ने प्रखंड प्रमुख को अपने साथ ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू की. उनके खिलाफ कांड संख्या 05/2026 के तहत धारा 37 (1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे में हंगामा करने के आरोप में कार्रवाई की गई है.

“जलालगढ़ थाना पुलिस के द्वारा जांच के लिए दोनों को लाया गया था. जांच के दौरान प्रखंड प्रमुख निखिल किशोर के शरीर में 87% अल्कोहल की मात्रा पाई गई. जबकि मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार दास में 0% अल्कोहल की मात्रा मिली. निखिल किशोर शराब के नशे में धूत थे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.”-दयानंद सिंह, एएसआई, उत्पाद विभाग थाना पूर्णिया

शराबबंदी कानून पर उठे सवाल: बिहार में मद्य निषेध कानून सख्ती से लागू है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका उल्लंघन आम लोगों में निराशा पैदा कर रहा है. जब पंचायती राज के बड़े पदाधिकारी खुद नशे में कानून का उल्लंघन करते हैं, तो आम नागरिकों से शराबबंदी का पालन करने की उम्मीद कैसे की जा सकती है. यह मामला शराबबंदी की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!