सिंघिया नगर पंचायत में जल-नल का पानी सड़क पर बहा, राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघिया नगर पंचायत में जल-नल योजना की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सिंघिया ग्रामीण बैंक से टारा जाने वाली मुख्य सड़क मार्ग पर पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर जलजमाव हो गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित जेई से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि एक तरफ सरकार जल संरक्षण और पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है—“जल ही जीवन है” का संदेश दे रही है—वहीं दूसरी तरफ खुलेआम पानी की बर्बादी और लापरवाही देखने को मिल रही है।
सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से फिसलन की स्थिति बनी हुई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।






Total Users : 10074136
Views Today : 1456