एनएच-527 ई पर दो पोखरों के ऊपर फ्लाईओवर निर्माण की मांग, एसडीओ ने किया स्थल निरीक्षण
शिवाजीनगर
प्रखंड अंतर्गत करियन पंचायत के भररिया गांव स्थित मसोमाती पोखर सहित एनएच 527 ई के रास्ते में पड़ने वाले करियन और भटोरा पंचायत के दो पोखरों पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने स्थल निरीक्षण किया। रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी, एनएचएआई के एसडीओ संजीव कुमार वर्मा एवं सीओ अंबपाली यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ग्रामीणों में दोनों पोखरों पर पुल निर्माण की उम्मीद जगी है। बताया जाता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में स्थित दोनों पोखरों पर पुल निर्माण की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार उठाई जा रही है। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई बार लिखित आवेदन देकर ध्यान आकृष्ट कराया गया था। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण के दौरान दोनों पोखरों पर फ्लाईओवर अथवा पुल की व्यवस्था की जाए, ताकि जलनिकासी और स्थानीय आवागमन से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान हो सके। स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। एसडीओ पूजा कुमारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को गंभीरता से लिया जाएगा। इस संबंध में वरीय अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा। साथ ही, इंजीनियरों की टीम से संबंधित स्थलों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित इस मांग पर जल्द सकारात्मक पहल होगी और दोनों पोखरों पर पुल निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मौके पर करियन पंचायत के मुखिया संजीव पासवान, भटोरा पंचायत की मुखिया सरिता देवी सहित दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण थे।

Total Users : 10295668
Views Today : 4523