सिंघिया पीएचसी में बारिश से जलजमाव, मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की बढ़ी परेशानी
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में बारिश होने पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे इलाज कराने आने वाले मरीजों और अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम. एम. अंसारी ने बताया कि अस्पताल परिसर में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा सोख्ता का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है। अस्पताल का मैदान आसपास की जगहों से नीचे होने के कारण भी यह समस्या उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल परिसर में पानी निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए और सोख्ता का निर्माण करा दिया जाए, तो जलजमाव की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। इससे मरीजों के साथ-साथ अस्पताल कर्मियों को भी राहत मिलेगी।
बताया जाता है कि स्थानीय विधायक वीरेंद्र कुमार पिछले एक वर्ष से अस्पताल परिसर में पार्क निर्माण कराने और परिसर का ऊंचीकरण कराने का आश्वासन देते आ रहे हैं। हालांकि, जलजमाव की समस्या से अब तक लोगों को राहत नहीं मिल पाई है।

Total Users : 10295666
Views Today : 4520