मेडिकल जांच के बाद पुलिस कस्टडी से शराब पीने का आरोपित फरार
समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना अंतर्गत से शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार एक युवक सोमवार को मेडिकल जांच के बाद पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर से बाहर निकलते ही आरोपित ने सुरक्षा में तैनात चौकीदारों को धक्का देकर भागने की कोशिश की और खेतों में लगे धैचा का फायदा उठाकर देखते ही देखते ओझल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। फरार आरोपित की पहचान भटौरा पंचायत के श्रीरामपुर गांव वार्ड 5 निवासी राम लोभित सिंह के 30 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार की रात शिवाजीनगर पुलिस ने उसे शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार कर थाना लाया था। सोमवार को नियमानुसार मेडिकल जांच के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर भेजा गया था। उसकी सुरक्षा के लिए तीन चौकीदार रंजीत कुमार, उमेश पासवान और गन्नौर मंडल को लगाया गया था। बताया जाता है कि तीनों चौकीदार आरोपित को हथकड़ी लगाकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब वे आरोपित को लेकर अस्पताल से बाहर निकले, उसी दौरान उसने मौका पाकर चौकीदारों को धक्का दे दिया और तेजी से भागने लगा। चौकीदारों ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपित खेतों की ओर भाग निकला। खेत में लगे धैचा और आसपास की झाड़ियों का फायदा उठाकर वह पुलिस की पकड़ से दूर हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित ने हथकड़ी से खुद को मुक्त करने के बाद चौकीदारों को धक्का दिया और फरार हुआ।
घटना के बाद शिवाजीनगर बाजार सहित आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई। पुलिस कस्टडी में मेडिकल जांच के दौरान आरोपित के फरार होने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है। इसके बाद शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार सिंह, शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, जवान और चौकीदारों की अलग अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस आरोपित के घर रिश्तेदारों के यहां और आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब पीने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया गया था। मेडिकल जांच के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। मेडिकल जांच कराकर लौटने के दौरान वह चौकीदार को धक्का देकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Total Users : 10193202
Views Today : 3754