काफी संघर्ष के बाद पुलिस और ग्रामीण की पहल पर प्रेमी बना पति, वैदिक रीति-रिवाज के साथ मंदिर में रचाई शादी।
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना के बल्लीपुर गांव में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक प्रेम कहानी युवती द्वारा संघर्ष के बाद आखिरकार शादी के अंजाम तक पहुंच गई। वैदिक रीति रिवाज के साथ रविवार की रात मंदिर में शादी रचा कर प्रेमी पति बना। यह मामला तब चर्चा में आया जब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी से मिलने के लिए बिहार के समस्तीपुर जिला के हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव पहुंच गई। बताया जा रहा है कि दोनों की पहली मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। जो धीरे धीरे प्यार में बदल गई। प्यार इतना गहरा हुआ कि युवती अपने परिवार को छोड़कर सीधे अपने प्रेमी के गांव पहुंच गई। लेकिन जब यह मामला लड़के के परिवार के सामने आया, तो युवक के पिता संजय कमती सहित पूरे परिवार ने इस रिश्ते को मानने से साफ इनकार कर दिया।
मामला बढ़ने पर गांव में तनाव की स्थिति बनने लगी। इसके बाद गांव के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पहल करते हुए पूरे समाज की एक बैठक बुलाई। इस बैठक में गांव के कई गणमान्य लोग शामिल हुए, जिनमें बल्लीपुर की मुखिया अनिता देवी और उनके पति शंकर मंडल भी मौजूद रहे। लंबी चर्चा और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद पंचायत ने यह फैसला सुनाया कि यदि दोनों युवक युवती आपसी सहमति से साथ रहना चाहते हैं।तो उन्हें सामाजिक रूप से शादी करनी होगी। पंचायत के इस फैसले को अंततः दोनों परिवारों और गांव के लोगों ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दरभंगा जिला के देकुली धाम धर्मेश्वर नाथ मंदिर मे समाज की मौजूदगी में दोनों की विधि-विधान से शादी कराई गई। शादी के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही और सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। यह अनोखी शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां एक तरफ परिवार का विरोध था।वहीं दूसरी तरफ पंचायत और समाज के हस्तक्षेप से प्रेमी जोड़े को एक नई जिंदगी मिल गई। इस प्रकार इंस्टाग्राम से शुरु हुआ प्रेम अपने अंजाम तक पहुंचा।






Total Users : 10077935
Views Today : 38