मोतिहारी दौरे पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
अपराधियों और नक्सलियों को सख्त अल्टीमेटम,
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मोतिहारी जिले के मधुबन प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद स्वर्गीय सीताराम सिंह की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सामुदायिक विवाह भवन का शिलान्यास भी किया।
अपराधियों को खुली चेतावनी
श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुशासन सरकार में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने दो टूक कहा—
“बिहार में जो अपराधी हैं, वे या तो अपराध करना छोड़ दें या देश छोड़कर चले जाएं। अगर यहीं रहेंगे और अपराध करेंगे तो उनकी खैर नहीं है। सुशासन की सरकार में अपराधियों को बिल में से भी खोजकर बाहर निकाला जाएगा।”
नक्सलियों को 31 मार्च तक का अल्टीमेटम
डिप्टी सीएम ने नक्सलियों को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलवाद के लिए अब कोई जगह नहीं है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा—
“31 मार्च तक सभी नक्सली आत्मसमर्पण कर दें या हिंसा का रास्ता छोड़ दें। वरना उन्हें चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
गृह मंत्री के रूप में एक्शन मोड
सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले वे वित्त मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन अब गृह विभाग का दायित्व उनके पास है और उनकी प्राथमिकता अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाना है।
उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से जनता दरबार लगाएं, आम लोगों की शिकायतें सुनें और अपराधियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि एसपी खुद जनता के बीच जाकर अपराध की जड़ तक पहुंचें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सुशासन की छवि मजबूत करने की कोशिश
पिछले कुछ महीनों में बिहार में हुई कुछ हाईप्रोफाइल आपराधिक घटनाओं से सुशासन सरकार की छवि पर सवाल खड़े हुए थे। खासकर पूर्वी चंपारण जिले में अपहरण, लूट और हत्या की घटनाओं को लेकर जनता में नाराजगी थी।
सम्राट चौधरी का यह दौरा और आक्रामक बयान भाजपा-जदयू गठबंधन की अपराध विरोधी मुहिम को मजबूती देने के साथ-साथ आम जनता को यह संदेश देता है कि सरकार अब पूरी तरह एक्शन मोड में है।






Total Users : 10077379
Views Today : 303