Explore

Search

March 24, 2026 12:38 am

बिहार दिवस पर 15 विद्यालयों में तिथि भोज का आयोजन, बच्चों ने लिया स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद

बिहार दिवस पर 15 विद्यालयों में तिथि भोज का आयोजन, बच्चों ने लिया स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सोमवार को बिहार दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन योजना के बदले 15 विद्यालयों में तिथि भोज का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में उत्सवी माहौल देखने को मिला, जहां बच्चों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और बिहार की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय महेश्वरा, ब्रह्मदेवता, चतरा, गोलियां, नरसिंहा, श्यामपुर थाही, भररिया, सिरसिया सहित अन्य विद्यालयों में इस आयोजन को लेकर विशेष तैयारी की गई थी। विद्यालय परिसरों को साफ-सुथरा एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मध्याह्न भोजन के बदले तिथि भोज के दौरान खीर, पुरी खाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बीईओ रामजन्म सिंह ने बच्चों के साथ भोजन कर उनके मनोबल को बढाया।
प्राथमिक विद्यालय श्यामपुर थाही में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ सुदर्शन प्रसाद, अरुण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तिथि भोज के दौरान सभी विद्यालयों में बच्चों को पूरी, खीर एवं सब्जी जैसे स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन परोसे गए। बच्चों ने बड़े ही आनंद के साथ भोजन किया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को बिहार दिवस के महत्व के बारे में भी जानकारी दी और राज्य के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधान शिक्षक कुमार रवि रंजन, सुधेश्वर दास, अजय कुमार, विक्रम कुमार एवं सुशोभा सहित अन्य शिक्षकों की अहम भूमिका रही। शिक्षकों के सहयोग से पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इस आयोजन ने न केवल बच्चों के बीच आपसी भाईचारा बढ़ाया, बल्कि विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूती प्रदान की।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!