दरभंगा कांड पर सख्त कार्रवाई की मांग, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने स्पीडी ट्रायल का उठाया मुद्दा
दरभंगा। शहर के सुंदरपुर बेला (पटवा पोखर) मुहल्ले में 7 फरवरी 2026 को 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर जनप्रतिनिधियों और समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर दोषी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाते हुए कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस अमानवीय घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और दरभंगा शहर में भय व आक्रोश का माहौल है। उन्होंने बताया कि दरभंगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया है तथा जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सकारात्मक भूमिका निभाई है।
डॉ. ठाकुर ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि मामले की सुनवाई त्वरित गति से कर दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो सके।
इस पत्र के सामने आने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग और तेज हो गई है तथा स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।






Total Users : 10058285
Views Today : 441