आरा समाहरणालय में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय बैठक, डीएम तनय सुल्तानिया ने दिए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
भोजपुर, आरा।
जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र पर पूर्ण ध्यान केंद्रित करने और जिले में विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी योजनाओं की प्रगति को तेज करने के निर्देश दिए।
डीएम सुल्तानिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व सेवाओं जैसे—परिमार्जन, म्यूटेशन, अभियान बसेरा, एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों—राशन, पेंशन, मनरेगा, पीएमएवाई एवं एलएसबीए—को प्राथमिकता देते हुए समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी विकासात्मक कार्यों की समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिला विकास की निर्धारित गति को हासिल कर सके।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को लंबित अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) के मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उच्च न्यायालय में लंबित MJC एवं CWJC मामलों में समय पर शपथ-पत्र दाखिल करने हेतु संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए।
डीएम ने अधिकारियों व कर्मियों की समय पर उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए कहा कि कार्यालयों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण की नियमित जांच की जाए और जहां भी अवैध अतिक्रमण मिले, वहां संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त भोजपुर, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अपर समाहर्ता (विशेष कार्य), नगर आयुक्त, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






Total Users : 10068007
Views Today : 564