बिहार में DM का सख्त एक्शन: दरभंगा की गैस एजेंसी का लाइसेंस रद्द, कालाबाजारी पर कार्रवाई
अनियमितताओं और संदिग्ध डिलेवरी पर जिलाधिकारी कौशल कुमार की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में मांगा जवाब
बिहार में एलपीजी की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच दरभंगा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोदावरी गैस एजेंसी पर शिकंजा कस दिया है। दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द कर दिया है और प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी दी है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एजेंसी द्वारा अनुज्ञप्ति में वर्णित गोदाम के अलावा एक अतिरिक्त कक्ष का अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण के लिए उपयोग किया जा रहा था। इस स्थान पर बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में एजेंसी संचालक संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके।
जांच में यह भी सामने आया कि भारी बैकलॉग होने के बावजूद संदिग्ध तरीके से सिलेंडरों की डिलेवरी दिखाई जा रही थी। 4 अप्रैल को उपभोक्ताओं की संख्या से अधिक सिलेंडर डिलेवरी दर्शाए जाने से कालाबाजारी की आशंका और मजबूत हो गई है।
इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायतों के बावजूद समय पर गैस आपूर्ति नहीं की जा रही थी। गोदाम परिसर में गैस सिलेंडर के स्टॉक और मूल्य से संबंधित अनिवार्य सूचना भी प्रदर्शित नहीं की गई थी, जो द्रविकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 का उल्लंघन है।
डिलेवरी व्यवस्था में भी भारी लापरवाही सामने आई है। बड़ी संख्या में लंबित बुकिंग के बावजूद समय पर होम डिलेवरी नहीं हो रही थी, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि डिलेवरी का मैसेज मिलने के बावजूद सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचाया गया।
इन सभी तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए डीएम कौशल कुमार ने एजेंसी के प्रोपराइटर को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द कर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






Total Users : 10083755
Views Today : 946