Explore

Search

April 1, 2026 9:58 pm

“समस्तीपुर के डॉ संजय बबलू ने IIT Delhi में बढ़ाया बिहार का मान | National Kisan Kumbh 2026 में जोरदार संबोधन”

समस्तीपुर के डॉ संजय कुमार बबलू ने राष्ट्रीय किसान कुंभ-2026 में किया बिहार का प्रतिनिधित्व, किसानों को दिया नवाचार और जैविक खेती का संदेश
समस्तीपुर:
मिथिलांचल की सोंधी मिट्टी और नवाचार की ताकत ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। समस्तीपुर प्रखंड के नगर निकाय दूधपुरा वार्ड संख्या 4 निवासी, एनजीओ संघ बिहार सह प्रगति आदर्श सेवा केंद्र के सचिव एवं अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू ने कृषि मंत्रालय के आमंत्रण पर 30 और 31 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय किसान कुंभ-2026 में बिहार का प्रतिनिधित्व किया।
यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित आईआईटी परिसर के डोगरा सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें भारत और नेपाल से आए 3000 से अधिक किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया, जबकि समापन सत्र में मिजोरम के राज्यपाल कर्नल वी.के. सिन्हा, जल संसाधन राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी और हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बबलू ने कहा कि सीमित संसाधनों वाले किसान भी जैविक खेती अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से जैविक गुड़ के उत्पादन और बाजारोन्मुख कृषि मॉडल पर जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाने पर बल दिया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
उन्होंने अपने जमीनी अनुभवों को देश-विदेश के वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों के साथ साझा करते हुए बिहार की पारंपरिक फसलों—तंबाकू, कतरनी धान, ईख, पान और मखाना—को वैज्ञानिक पद्धति से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। साथ ही महिला किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की।
इस प्रतिनिधिमंडल में समस्तीपुर से आरती कुमारी, शिवम सौरव, गुलशन कुमार सहित कई लोग शामिल रहे, वहीं बिहार से विधायक ज्योति माझी, अधिवक्ता दीपक कुमार सहनी, युवा किसान विक्रम, जय नारायण निषाद, कीर्ति कुमारी और दीपिका कुशवाहा समेत कुल 25 सदस्य इस किसान कुंभ में शामिल हुए।
यह उपलब्धि समस्तीपुर सहित पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!