Explore

Search

March 13, 2026 9:50 am

अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन, ऐपन प्रतियोगिता में समस्तीपुर के आयुष प्रथम

अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन, ऐपन प्रतियोगिता में समस्तीपुर के आयुष प्रथम

हल्द्वानी/नैनीताल, 13 फरवरी 2026: युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत नैनीताल द्वारा 9 से 13 फरवरी तक कुमाऊँ विश्वविद्यालय परिसर स्थित हर्मिटेज, यूजीसी–एमएमटीटीसी में आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का अंतिम दिवस उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार के पटना, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर जिलों से आए कुल 37 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
अंतिम दिन की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने नैना देवी मंदिर में दर्शन किए तथा नगर पालिका परिषद नैनीताल के सहयोग से नैनीताल झील में नौकायन का आनंद लिया।
समारोह के दौरान विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ऐपन प्रतियोगिता में समस्तीपुर के आयुष प्रथम, वैशाली की प्रतीक्षा द्वितीय तथा पटना के सूरज तृतीय स्थान पर रहे। समस्तीपुर टीम को कार्यक्रम में उत्कृष्ट अनुशासन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ अनुशासन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने अपने संबोधन में जिले में चल रहे युवा कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने इन पहलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार जताया और बिहार से आए युवाओं के उत्साह की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित गोपाल सिंह रावत ने भी प्रतिभागियों के अनुशासन और सहभागिता को प्रेरणादायक बताया। अंत में उप निदेशक डोल्वी तेवतिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए स्मृति-चिन्ह भेंट किए।
समापन समारोह का संचालन पुष्कर दानू एवं अजय कोहली ने किया। यह कार्यक्रम युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देकर संपन्न हुआ।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!