Explore

Search

February 13, 2026 3:42 am

लालगंज में टमाटर पेस्ट प्लांट का शुभारंभ, औद्योगिक विकास से बढ़ेगा स्थानीय रोजगार: डीएम वर्षा सिंह

लालगंज में टमाटर पेस्ट प्लांट का शुभारंभ, औद्योगिक विकास से बढ़ेगा स्थानीय रोजगार: डीएम वर्षा सिंह

वैशाली जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को लालगंज प्रखंड स्थित परमान न्यूट्रीशनल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित टमाटर पेस्ट उत्पादन प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने इकाई का स्थलीय निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की।
कार्यक्रम की शुरुआत साइट प्रेजेंटेशन से हुई, जिसमें कंपनी प्रतिनिधियों ने उत्पाद, गुणवत्ता एवं हाइजीन प्रणाली, सेफ्टी गाइडलाइंस, तकनीकी प्रक्रिया, विजन और उत्पादन क्षमता से संबंधित जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सुरक्षा उपायों और संचालन व्यवस्था का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सुरक्षा, ड्रेनेज और वेस्टेज उपयोग पर त्वरित निर्देश
उद्योग वार्ता के दौरान इकाई प्रबंधन ने सुरक्षा, ड्रेनेज व्यवस्था और टमाटर वेस्टेज के उपयोग से जुड़ी समस्याएँ उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने SHO एवं SDPO लालगंज को प्लांट के समीप चेक पोस्ट स्थापित करने और आवश्यक सुरक्षा सुविधाएँ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इकाई द्वारा प्रतिदिन लगभग 200 केएल ट्रीटेड पानी के उत्पादन की जानकारी मिलने पर डीएम ने नगर परिषद और बीडीओ लालगंज को इसके समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
टमाटर वेस्टेज से जुड़े उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी और जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि टमाटर वेस्टेज को पोल्ट्री एवं कैटल फीड जैसी इकाइयों के लिए कच्चे माल के रूप में उपलब्ध कराने की समन्वित व्यवस्था की जाए। इसी क्रम में स्थानीय उद्यमी ओवल एग्रोटेक ने वेस्टेज लेने की सहमति दी। बिजली उपलब्धता संबंधी मांग पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम वर्षा सिंह ने इकाई प्रबंधन को अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार देने का सुझाव दिया, जिस पर कंपनी ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक इकाइयाँ जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी और रोजगार के व्यापक अवसर पैदा करेंगी। जिला प्रशासन उद्योग निवेश को प्रोत्साहित करने और इकाइयों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने औद्योगिक परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित औद्योगिक विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सहित उद्योग विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!