Explore

Search

March 10, 2026 7:18 pm

लालू यादव ने बनायी नयी टीम, जगदानंद सिंह बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, शिवानंद तिवारी की हुई छुट्टी

लालू यादव ने बनायी नयी टीम, जगदानंद सिंह बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, शिवानंद तिवारी की हुई छुट्टी

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के पदाधिकारी की नियुक्ति कर दी है. बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को पार्टी का नया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है. कुल पांच उपाध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व सांसद महबूब अली कैसर एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है.

शिवानंद तिवारी की हुई छुट्टी : अगले 3 सालों के लिए मनोनीत पदाधिकारी में पूर्व उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी को जगह नहीं दी गई है. शिवानंद तिवारी की जगह पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.

सिद्दीकी बने प्रधान महासचिव : लालू प्रसाद में एक बार फिर से अब्दुल बारी सिद्दीकी पर भरोसा जताते हुए उन्हें अगले 3 साल के लिए पार्टी का राष्ट्रीय प्रधान महासचिव नियुक्त किया है. इसके अलावा विधान परिषद के सदस्य सुनील कुमार सिंह को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है

12 राष्ट्रीय महासचिव की नियुक्ति : अगले 3 साल के लिए पार्टी ने पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, ललित यादव, कुमार सर्वजीत, सैयद फैसल अली सहित 12 राष्ट्रीय महासचिव और 10 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं.

संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की कवायद : राजद में यह बदलाव पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. इस कदम को तेजस्वी को सीएम चेहरा मान संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है. 23 जुलाई को लालू यादव द्वारा तैयार की गई नई टीम की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता चितरंजन गगन ने शनिवार को दी.

”यह बदलाव राजद को नई ऊर्जा देने का कार्य करेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को बेहतर स्थिति में खड़ा करेगा. नई टीम में कई युवा और अनुभवी चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है.”- चितरंजन गगन, राष्ट्रीय प्रवक्ता, RJD

राजद के 6 प्रकोष्ठों के अध्यक्ष की नियुक्ति : लालू प्रसाद द्वारा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय अध्यक्षों का मनोनयन किया गया है. औरंगाबाद से सांसद और लोकसभा में राजद संसदीय दल के नेता अभय कुशवाहा को युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है. उनके पास पहले से ही संसदीय अनुभव है. किसान प्रकोष्ठ की कमान बक्सर से सांसद रह चुके और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह को सौंपी गई है. सुधाकर सिंह कृषि मामलों पर अपनी स्पष्ट राय और सक्रियता के लिए पहचाने जाते हैं. किसान वर्ग से पार्टी का सीधा जुड़ाव बढ़ाने की जिम्मेदारी अब उन्हीं के कंधों पर है.
पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांति सिंह को महिला प्रकोष्ठ, पूर्व केन्द्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ , बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ एवं दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर नवल किशोर को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया है.

विधानसभा चुनाव पर पूरा फोकस : इन नियुक्तियों से साफ है कि राजद नेतृत्व प्रदेश के अलग-अलग वर्गों को साधने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय हो गया है. तेजस्वी यादव पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं. पूरी टीम को उनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में झोंक दिया गया है.

जगदानंद सिंह चल रहे थे नाराज ! : यहां यह बताना भी जरूरी है कि, जगदानंद सिंह पिछले कुछ महीनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे. पिछले साल हुए बिहार विधानसभा के उपचुनाव में उनके बेटे अजीत सिंह की रामगढ़ सीट से हार हुई थी. नवंबर 2024 में बिहार विधानसभा के चार सीटों तरारी रामगढ़ बेलागंज एवं इमामगंज सीट पर उपचुनाव हुआ था. चारों सीटों पर उपचुनाव में महागठबंधन की करारी हार हुई थी. सभी सीटों पर एनडीए की जीत हुई.

हार की नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए उन्होंने अपने इस्तीफे की पेशकश की, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया. नवंबर 2024 के बाद से जगदानंद सिंह कभी भी राजद के किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए एवं पार्टी कार्यालय नहीं आए.
तेजस्वी प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद से मांग किया था कि, जगदानंद सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. उनके अनुभव का लाभ लेने के लिए उन्हें राष्ट्रीय कमेटी में जगह दी जाए. उसी दिन यह तय हो गया था कि जगदानंद सिंह को पार्टी के राष्ट्रीय कमेटी में कोई महत्वपूर्ण पद दिया जाएगा. आज जब लालू प्रसाद ने अपने पार्टी पदाधिकारी के नाम की घोषणा की उसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर जगदानंद सिंह की नियुक्ति की गई.

शिवानंद तिवारी भी पिछले कुछ महीने से पार्टी के किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले रहे थे. हालांकि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में वह शामिल हुए थे, उनकी तबीयत ठीक नहीं है. यही कारण है कि वह कई बार अपने स्वास्थ्य का हवाला देकर पार्टी के सक्रिय कार्यक्रमों से अपनी दूरी बनाते रहे हैं. शिवानंद तिवारी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद से हटाने का यह भी एक कारण है.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!