लंदन में महात्मा गांधी की दुर्लभ पेंटिंग की रिकॉर्डतोड़ नीलामी
लंदन, ब्रिटेन — महात्मा गांधी की एक अनमोल और दुर्लभ ऑयल पेंटिंग की लंदन के बोनहम्स नीलामी घर में रिकॉर्ड कीमत पर नीलामी हुई। यह पेंटिंग मंगलवार को 152,800 पाउंड (लगभग 1.7 करोड़ रुपये) में बिकी, जो इसकी अनुमानित कीमत से तीन गुना अधिक है।
यह पेंटिंग 1931 में उस समय बनाई गई थी, जब महात्मा गांधी दूसरी राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में भाग लेने लंदन आए थे। खास बात यह है कि यह गांधी जी की एकमात्र ऐसी पोट्रेट पेंटिंग मानी जाती है, जिसके लिए वे वास्तव में पेंटर के सामने बैठकर पोज़ दिए थे।
इस पेंटिंग को मशहूर ब्रिटिश कलाकार क्लेयर लीटन ने बनाया था और इसका नाम रखा था: “Portrait of Mahatma Gandhi”। लीटन उस समय विख्यात राजनीतिक पत्रकार हेनरी नोएल ब्रेल्सफोर्ड के साथ रिश्ते में थीं, जो भारत की स्वतंत्रता के कट्टर समर्थक थे। गांधी जी और हेनरी के बीच हुई मुलाकात की वजह से लीटन को गांधी जी का पोट्रेट बनाने का अवसर मिला।
इस पेंटिंग को 1974 में पहली बार प्रदर्शनी में रखा गया था, लेकिन एक एक्टिविस्ट द्वारा किए गए हमले में यह क्षतिग्रस्त हो गई थी। बाद में इसे संरक्षित और बहाल किया गया। लीटन के परिवार को इस बात की उम्मीद नहीं थी कि यह पेंटिंग इतनी ऊँची कीमत पर बिकेगी।






Total Users : 10071569
Views Today : 1335