Explore

Search

April 3, 2026 9:02 pm

समस्तीपुर पहुंचे विधायक भाई वीरेंद्र, लोक लेखा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश; सरकार पर बोला हमला

समस्तीपुर पहुंचे विधायक भाई वीरेंद्र, लोक लेखा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश; सरकार पर बोला हमला

समस्तीपुर:मनेर विधायक सह बिहार विधानसभा लोक लेखा समिति के सभापति भाई वीरेंद्र गुरुवार की शाम समस्तीपुर जिला अतिथि गृह पहुंचे, जहां राजद कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
शुक्रवार को दोपहर अतिथि गृह के सभागार में सभापति भाई वीरेंद्र ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लोक लेखा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, वित्तीय पारदर्शिता और कार्यान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक से पूर्व प्रेस से बातचीत करते हुए भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अराजकता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और न ही उपमुख्यमंत्री इस स्थिति को लेकर गंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि आम जनता को गैस सिलेंडर और पेट्रोल जैसी आवश्यक सुविधाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ “खेला” कर दिया है और आने वाले समय में राज्य की सरकार आरएसएस और भाजपा द्वारा दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाई जाएगी।
भाई वीरेंद्र ने राज्य में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना आम बात हो गई है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को प्रशासनिक सतर्कता और संवेदनशीलता से रोका जा सकता था। उन्होंने पटना में छठ पूजा और दशहरा के दौरान हुई घटनाओं का भी हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि बिहार विकास के लगभग सभी प्रमुख सूचकांकों में पिछड़ा हुआ है। गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में राज्य की स्थिति चिंताजनक है। साथ ही उन्होंने कहा कि महंगी गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल का बोझ भी आम जनता पर बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 21 वर्षों की एनडीए सरकार में बिहार विकास के अधिकांश मानकों पर पिछड़ गया है, लेकिन इन मुद्दों पर कोई जवाबदेही तय नहीं की जाती और केवल राजनीतिक लाभ के लिए काम किया जाता है।
इस मौके पर राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती, जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष रामविनोद पासवान, दलित प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सत्यविंद पासवान, कार्यालय सचिव रोशन यादव, किसान सेल के प्रदेश महासचिव हरेंद्र कुमार सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
अंत में विधायक भाई वीरेंद्र ने राजद प्रखंड महासचिव रंजीत कुमार रंभू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!