Explore

Search

March 20, 2026 3:41 pm

जम्मू कश्मीर में समस्तीपुर का जवान शहीद

जम्मू कश्मीर में समस्तीपुर का जवान शहीद

समस्तीपुर : जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान समस्तीपुर जिले के वीर जवान सीताराम राय शहीद हो गए. जैसे ही शहादत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक और गर्व का माहौल एक साथ फैल गया.

सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए : समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड स्थित लोदीपुर गांव के रहने वाले सीताराम राय (40) जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हो गए. बुधवार को हुई इस मुठभेड़ में उन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए.
कुछ घंटे पहले ही की थी पत्नी से बात : परिजनों के अनुसार, पत्नी सुमन राय के पास रात करीब 11 बजे आर्मी यूनिट से फोन आया, जिसमें बताया गया कि सीताराम राय को गोली लगी है. कुछ ही देर बाद उनके शहीद होने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. बताया जा रहा है कि शहादत से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी. यह बातचीत अब परिवार के लिए आखिरी याद बन गई है.
पत्नी से वीडियो कॉल पर कहा ‘जल्द लौटूंगा..’ : पत्नी सुमन राय ने बताया कि, ”बुधवार सुबह सीताराम यादव ने वीडियो कॉल किया था और कहा था कि ड्यूटी पर जा रहा हूं. बातचीत में उन्होंने कहा कि जल्द घर लौटूंगा. लेकिन कुछ ही घंटों बाद वह शहीद हो गए.”

2002 से सेना में भर्ती थे : सीताराम राय साल 2002 में भारतीय सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे. अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई सर्च ऑपरेशन में हिस्सा लिया और बहादुरी से देश की सेवा की. परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं. बड़ा बेटा अनुज दोनों पैरों से दिव्यांग है, जिससे परिवार की जिम्मेदारी और भी अधिक थी.

शहीद के पिता सूरज राय ने बताया कि ”बेहद गरीबी में अपने बच्चों की परवरिश की. मैंने ठेला चलाकर परिवार का पालन-पोषण किया. नौकरी मिलने के बाद सीताराम ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी.”

गांव में शोक, गर्व और इंतजार : शहादत की खबर मिलते ही लोदीपुर गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. बड़ी संख्या में लोग शहीद के घर पहुंच रहे हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं. परिजनों के अनुसार, पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. गांव के लोग अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!