बिहार में बनेगा स्टील प्लांट: 5,000 करोड़ निवेश से 8,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार
पटना/गया: बिहार को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार को बड़ी सफलता मिली है। प्रमुख स्टील निर्माता कंपनी श्याम स्टील ने बिहार में करीब 5,000 करोड़ रुपये निवेश कर अत्याधुनिक स्टील विनिर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। यह प्लांट गया-डोभी रोड स्थित प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में लगाया जाएगा।
रोजगार के खुलेंगे नए अवसर
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बृहस्पतिवार को जानकारी देते हुए कहा कि इस परियोजना की वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख टन होगी। प्लांट शुरू होने के बाद राज्य के लगभग 8,000 युवाओं को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए परिवर्तनकारी कदम बताया।
‘पर्चेज प्रेफरेंस’ नीति से बढ़ा निवेश आकर्षण
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार अब उन कंपनियों को प्राथमिकता दे रही है जो बिहार में ही उत्पादन करेंगी। राज्य की विकास योजनाओं में निर्माण सामग्री की खरीद के दौरान स्थानीय विनिर्माण इकाइयों को तरजीह देने की नीति निवेशकों के लिए गेम-चेंजर साबित हो रही है।
गया-डोभी औद्योगिक गलियारा बनेगा आर्थिक केंद्र
उद्योग विभाग के अनुसार, कंपनी ने परियोजना के लिए करीब 500 एकड़ जमीन की मांग की है। इस स्टील प्लांट से न केवल स्टील उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि सहायक उद्योगों का विस्तार, बुनियादी ढांचे का विकास और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी भी आएगी।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि नई औद्योगिक प्रोत्साहन नीति और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत निवेशकों को जमीन, ढांचा और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि श्याम स्टील जैसे बड़े निवेश से बिहार में अन्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का भरोसा बढ़ेगा और आने वाले समय में राज्य में औद्योगिक निवेश की गति तेज हो सकती है।






Total Users : 10058276
Views Today : 362