शिवाजीनगर में ट्यूशन जा रही छात्रा की गोली मारकर हत्या
बिहार के समस्तीपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घर से कोचिंग जा रही छात्रा की बीच रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. छात्रा के सीने पर गोली मारी गई है, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना पर रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
घटना शिवाजी नगर थाना क्षेत्र का है. छात्रा की उम्र लगभग 19 साल बतायी जाती है और वह बीपीएससी की तैयारी कर रही थी. बीपीएससी की तैयारी को लेकर छात्रा दरभंगा जिला के बहेड़ी पढ़ाई करने के लिए रोजाना जाया करती थी. पिता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सही समय पर ठोस कदम नहीं उठाया.
“धमकी दे रहा था मार देंगे और मार दिया. दो थाने में शिकायत की लेकिन कोई नहीं सुना. उसकी तस्वीर तक दिखाई थी, लेकिन कुछ नहीं किया गया.”- छात्रा के पिता
छात्रा के परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग नौ बजे वह बहेड़ी स्थित कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी. छात्रा पगडंडी वाले रास्ते से जा रही थी. इसी दौरान एक बगीचे से गुजरने के समय उसे गोली मार दी गई. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.
क्या है हत्या का कारण: हत्या के पीछे का कारण क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है. परिजनों का आरोप है कि छात्रा की बड़ी बहन से एक निजी स्कूल के शिक्षक का एक तरफा प्रेम प्रसंग चल रहा था. छात्रा लगातार इसका विरोध कर रही थी. ऐसे में शिक्षक उसे जाने से मारने की धमकी दे रहा था. इसकी शिकायत परिजनों ने थाने में की थी.
पुलिस के खिलाफ लोगों में गुस्सा: मृतका दो बहन एक भाई में सबसे छोटी थी. परिजनों के द्वारा आवेदन दिए जाने के बावजूद थाना के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है. आक्रोशितों ने सड़क जाम कर आगजनी की है. वहीं डीएसपी ने कार्रवाई करने की बात कही है.
कई थानों की पुलिस कर रही कैंप: घटना की सूचना के बाद कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है आरोपी शिक्षक के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. आक्रोशित लोगों ने शिवाजी नगर रोसड़ा और बहेड़ी पथ पर अगजनी की है. फिलहाल घटना को देखते हुए कई थाने की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है.
“मामले की जांच की जा रही है. परिजनों ने शिक्षक पर हत्या का आरोप लगाया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.”- संजय सिन्हा, डीएसपी रोसड़ा






Total Users : 10072113
Views Today : 806