आज की बड़ी खबर बिहार से ,पत्रकार पर जान लेवा हमला
बिहार में पत्रकार पर जानलेवा हमला, सिवान में बदमाशों ने मारी गोली
बिहार के सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अपराधियों ने एक अखबार के पत्रकार रमेश कुमार सिंह को गोली मार दी। यह घटना पचरुखी बाजार स्थित भवानी मोड़ के पास उस समय हुई, जब वे अपने गांव जसौली खरग लौट रहे थे।
बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला
बताया जा रहा है कि शादी समारोह से लौटने के दौरान भवानी मोड़ से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया। ओवरटेक करने के बाद अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे पत्रकार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पटना रेफर, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पत्रकार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली उनके दाहिने फेफड़े के पास लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
हमले की वजह स्पष्ट नहीं
घायल पत्रकार ने बताया कि उन्हें पहले किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी। हालांकि उन्होंने अपने ही गांव के एक व्यक्ति पर वर्ष 2022 में सुपारी देकर हत्या की कोशिश कराने का आरोप लगाया है और उसी पर संदेह जताया है। बताया गया कि संदिग्ध व्यक्ति फिलहाल दुबई में रह रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने प्राथमिक तौर पर इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला बताया है।
पत्रकारों में रोष
इस घटना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पत्रकार संगठनों ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।






Total Users : 10059432
Views Today : 536