Explore

Search

March 4, 2026 11:37 pm

अंचल ऑफिस में घूस लेते नाजिर गिरफ्तार

अंचल ऑफिस में घूस लेते नाजिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: एक तरफ गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने भू माफियाओं पर नकेल कसने का ऐलान कर दिया है तो दूसरी तरफ अंचल कार्यालय में ही भ्रष्टाचार देखने को मिला रहा है. ऐसे में सरकार का डंडा भी लगातार चल रहा है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतीपुर अंचल कार्यालय में कार्यरत नाजिर श्याम चंद्र किशोर उर्फ श्याम कुमार को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई है.

अंचल ऑफिस में घूस लेते नाजिर गिरफ्तार: जानकारी के अनुसार, नाजिर श्याम कुमार ने जमीन से संबंधित एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) बनाने के एवज में एक आवेदक से अवैध राशि की मांग की थी. पीड़ित ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की, जिसके बाद मामले का गोपनीय सत्यापन कराया गया. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी विभाग ने ट्रैप टीम का गठन किया था
8 हजार ले रहे थे नजराना: शुक्रवार को जैसे ही पीड़ित ने तय रिश्वत की राशि नाजिर को सौंपी. पहले से तैनात निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत के रंग लगे नोट भी बरामद किए गए हैं.

शिकायतकर्ता राहुल रंजन कुमार ने बताया कि एक जमीन रजिस्ट्री करवाना था. रजिस्ट्री के दौरान पता चला कि यह जमीन रोक सूची में चला गया है. सीओ और एडीएम के यहां से रोक लगा था. आवेदन देने पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो हमने आवेदन डीएम को दिया. वहां से आवेदन मोतिपुर सीओ के यहां फॉरवर्ड कर दिया गया, लेकिन वहां से भी कोई सुनवाई नहीं हुई .
सर्वे से पहले और बाद वाला कागज मैंने खुद से निकलवाया. दोनों कागज निकालने के बाद उसपर कर्मचारी का रिपोर्ट चाहिए था. वह भी कराकर दिए. सारी प्रक्रिया मैंने खुद से की थी. उसके बाद सीओ और आरओ से वेरिफाई करवाना था. मैंने श्याम जी(नजीर) से कहा कि सीओ से मिलना है. श्याम जी ने कहा कि 10 हजार देने पर रोक सूची से जमीन हटेगा.”- राहुल रंजन कुमार, शिकायतकर्ता

ऑफिस के एक रूम में लिया गया पैसा: राहुल ने बताया कि मैंने नजीर से कहा कि मैं पैसे देने में समर्थ नहीं हूं. फिर मुझे शुक्रवार को बुलाया गया था. इस बीच मैंने निगरानी से शिकायत कर दी. फिर मुझसे 8 हजार की मांग की गई. मेरा काम कराने के बाद पैसा मांगा तो मैंने थोड़ा समय मांगा. फिर ऑफिस में ही एक रूम है, वहां पर बुलाकर हमसे पैसा लिया गया. जैसे ही मैंने पैसे दिए, टीम ने आकर उसे पकड़ लिया.

“राहुल रंजन से शिकायत मिली थी. श्याम जी अंचल कार्यलाय में लिपिक हैं और जमीन संबंधित काम करवाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे. धावा दल ने कार्रवाई की और 8 हजार रुपये बरामद किए गए हैं.”- आर कुमार निराला, विजिलेंस डीएसपी

नाजिर से पूछताछ जारी: गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी नाजिर को पूछताछ के लिए मुजफ्फरपुर स्थित सर्किट हाउस ले गई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है. निगरानी अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!