अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एलएनएमयू में कार्यक्रम, महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान
एनएसएस इकाई के समारोह में वक्ताओं ने कहा— महिला सशक्तिकरण से ही संभव है समाज का संतुलित विकास
LNMU Darbhanga Women’s Day 2026: NSS कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और अधिकारों पर जोर
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत संचालित शिक्षाशास्त्र विभाग की एनएसएस इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो मंजू राय ने कहा कि भारतीय संविधान ने महिलाओं को अनेक अधिकार दिए हैं और अब समय आ गया है कि महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न के खिलाफ मुखर होना चाहिए। साथ ही समाज में प्रचलित पितृसत्तात्मक सोच को बदलने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि डॉ प्रियंका राय, सहायक कुलसचिव, एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, दरभंगा ने कहा कि शिक्षा, संघर्ष, साहस और समर्पण से महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राष्ट्र को समृद्ध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सम्मान, समानता और न्याय से ही समाज का वास्तविक कल्याण संभव है।
मुख्य वक्ता और एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ आर.एन. चौरसिया ने कहा कि महिला और पुरुष समाज रूपी गाड़ी के दो पहिए हैं और विकास के लिए दोनों में समान संतुलन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने में महिलाओं की अहम भूमिका है तथा सतत और संतुलित विकास के लिए महिला सशक्तिकरण जरूरी है।
अध्यक्षीय संबोधन में विभागाध्यक्ष डॉ अरविन्द कुमार मिलन ने कहा कि महिलाओं के प्रति सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की जरूरत है। यदि महिलाओं को निर्णय लेने और कार्य करने का समान अवसर मिले तो समाज और राष्ट्र दोनों तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन से किया गया तथा अतिथियों को पाग, चादर और बुके देकर सम्मानित किया गया। अंजलि और शुभ्रकीर्ति के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में स्वागत गान दीपा, स्तुति, खुशी और अल्पना ने प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण डॉ निधि वत्स ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस पदाधिकारी डॉ उदय कुमार ने किया।
इस अवसर पर डॉ अखिलेश कुमार मिश्रा, डॉ शंभू प्रसाद, डॉ शुभ्रा, डॉ स्वर्णरेखा, डॉ शगुफ्ता, डॉ जयशंकर, डॉ रेशमा तबस्सुम, डॉ मिर्जा राहुल्ला बेग, गोविंद कुमार तथा आनंद मोहन सहित 125 से अधिक छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने महिला उत्थान से संबंधित गीत, नृत्य, कविता पाठ और भाषण भी प्रस्तुत किए।






Total Users : 10070230
Views Today : 51